शौर्य और सेवा का उत्सव: गणतंत्र दिवस 2026 में 982 सम्मान, CBI अधिकारी शामिल
गणतंत्र दिवस 2026 पर केंद्र सरकार ने 982 कर्मियों को गैलेंट्री और सेवा मेडल देने की घोषणा की। 125 वीरता पदकों में जम्मू-कश्मीर अव्वल रहा।

नई दिल्ली. गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने गैलेंट्री अवॉर्ड और सेवा पदकों की घोषणा की है। इस वर्ष पुलिस, फायर ब्रिगेड, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़े कुल 982 कर्मियों को उनके साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।
125 वीरता पदक, जम्मू-कश्मीर में तैनात जवानों को सबसे अधिक
घोषित पुरस्कारों में 125 वीरता पदक शामिल हैं। इनमें से सबसे अधिक 45 वीरता पदक जम्मू-कश्मीर में तैनात कर्मियों को मिले हैं। इसके बाद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात 35 और पूर्वोत्तर भारत में तैनात 5 कर्मियों को वीरता पदक दिया गया है। इसके अलावा, फायर ब्रिगेड के 4 जवानों को भी जान जोखिम में डालकर किए गए साहसिक कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है।
पुलिस बलों का दबदबा, CRPF को मिले 12 वीरता पदक
पुलिस बलों में सबसे अधिक 33 वीरता पदक जम्मू-कश्मीर पुलिस को मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस (31), उत्तर प्रदेश पुलिस (18) और दिल्ली पुलिस (14) का स्थान रहा। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में केवल केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) को 12 वीरता पदक प्राप्त हुए हैं।
CBI अधिकारियों को भी मिला सम्मान
इस वर्ष केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के 31 अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल और मेरिटोरियस सर्विस मेडल से सम्मानित किया गया है।
इनमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस की जांच करने वाले CBI के जॉइंट डायरेक्टर वी. चंद्रशेखर भी शामिल हैं, जिन्होंने इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
किसे कितने मेडल मिले
- 125 वीरता पदक: 121 पुलिस कर्मी, 4 फायर ब्रिगेड कर्मी
- 101 प्रेसिडेंट मेडल: 89 पुलिस, 5 फायर ब्रिगेड, 3 सिविल डिफेंस/होमगार्ड, 4 करेक्शनल सर्विस
- 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल: 664 पुलिस, 34 फायर ब्रिगेड, 33 सिविल डिफेंस/होमगार्ड, 25 करेक्शनल सर्विस
जानिए इन अवॉर्ड्स का महत्व
- वीरता पदक: असाधारण साहस दिखाकर लोगों की जान-माल बचाने या अपराध रोकने वाले कर्मियों को दिया जाता है।
- प्रेसिडेंट सेवा मेडल: लंबे समय तक उत्कृष्ट, अनुकरणीय और समर्पित सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
- मेरिटोरियस सर्विस मेडल: ईमानदारी, निष्ठा और उच्च स्तर की पेशेवर सेवा के लिए दिया जाता है।




